अलवर (मनीष अरोड़ा): 11 वर्षीय बच्ची घर से ठीक-ठाक बोलते चलती हुई ई-रिक्शा में बैठी है, उसे यह नहीं पता था कि यह उसका अंतिम सफर होगा। यह दुखद हादसा हुआ है अलवर के सुसाइड प्वाइंट बने बुक मार्केट के बीचों बीच मन्नी कै बड़ चौराहे पर। इस खतरनाक चौराहे ने नेशनल लेवल ताइक्वांडो खिलाड़ी तुलिका की जिंदगी छीन ली। तुलिका अपनी मां के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर बाल भारती स्कूल स्थित खेल मैदान में कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पलट गया और तुलिका सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में तुलिका के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन अत्यधिक खून बहने से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तुलिका एक होनहार खिलाड़ी थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर तक ताइक्वांडो में भाग लिया था और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने का सपना देख रही थी। स्थानीय व्यापारियों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "इतने छोटे बच्चों को भी अब सड़क पर सुरक्षित नहीं माना जा सकता। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, न पुलिस मुस्तैद है और न ही वाहन चालक नियमों का पालन करते हैं।" हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बाइक सवार की तलाश की जा रही है। वहीं, खेल जगत में भी तूलिका की असमय मृत्यु से गहरा शोक है।
3/related/default