निवाई (लालचंद सैनी): सदर थाना क्षेत्र के देवधाम जोधपुरिया गांव में स्थित मांसी बांध में सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे 18 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक टोंक के शंकरपुर चौराहा निवासी जितेंद्र सैनी था। वह सैनी समाज के लोगों के साथ देवधाम जोधपुरिया में सवामणी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। शुक्रवार की छुट्टी होने के कारण वह देवधाम जोधपुरिया में आया था। कार्यक्रम स्थल पर खाना बन रहा था। इसी दौरान जितेंद्र नहाने के लिए मांसी बांध पर चला गया। बारिश के कारण बांध में पानी की आवक थी। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथ आए लोग और अन्य यात्री उसे बचाने के लिए प्रयास करते रहे। करीब आधे घंटे बाद शाम करीब 4 बजे युवक को पानी से बाहर निकाला गया। अचेत अवस्था में उसे निजी वाहन से निवाई के उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर थाना अधिकारी हीरालाल वर्मा मय जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मांसी बांध में डूबने से युवक की मौत, देवधाम जोधपुरिया में आयोजित सवामणी कार्यक्रम में आया था
By -
July 04, 2025
0
Tags: