निवाई (लालचंद सैनी): नगर पालिका प्रशासन द्वारा बुधवार को अवैध होर्डिंग हटाने का कार्य किया गया। इस दौरान शहर के कुछ लोगों द्वारा नगर पालिका के कर्मचारियों पर फब्तियां कसते हुए देखा गया। उनका कहना था कि जिनकी पालिका के कर्मचारियों से बनती है, उनके अवैध होर्डिंग नहीं हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों द्वारा अधिकारियों के सामने झूठी रिपोर्ट पेश कर दी जाती है, अधिकारियों द्वारा फोटो एवं वीडियो मांगने पर उनके लिए कुछ फोटो एवं वीडियो बनाकर ले जाते हैं। लोगों ने बताया कि जब भी नगर पालिका द्वारा किसी भी तरह का अभियान चलाया जाता है तो उसकी कागजी खानापूर्ति कर दी जाती है, लोगों ने यहां तक कहा कि सरकार को केवल आंकड़े से मतलब है। वैसे बुधवार को हुआ भी वही, जो लोग चर्चा कर रहे थे, पालिका कर्मचारियों ने शहर से नाम मात्र के अवैध होर्डिंग हटाए। इस संबंध में नगर पालिका के आरआई मनीष गौर से बात हुई तो उन्होंने बताया कि शहर में अवैध होर्डिंग हटाने का कार्य पूरी ईमानदारी के साथ किया जाएगा, अभी कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन में भी लगा रखा है, इन सभी अवैध होर्डिंगों को हटवाने में कुछ समय लगेगा। इसमें देखने वाली मुख्य बात यह है कि अधिकारी अवैध होर्डिंगों को हटवाते हैं या आपदा प्रबंधन का बहाना बनाकर उनके चहेते होर्डिंगों को बचाते हैं, यदि उनके चहेते होर्डिंगों को बचाया जाता है तो फिर शहर के लोगों द्वारा बताई जाने वाली बात सही साबित होगी। बताया जाता है कि शहर में सबसे ज्यादा अवैध होर्डिंग गोविंद माधव ग्लोबल स्कूल के लगे हुए हैं, लोगों ने यहां तक बताया कि बिना सेटिंग के इतने अवैध होर्डिंग शहर में कैसे लग गए।
3/related/default