कोटपूतली (रमेश बंसल मुन्ना): जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल की पहल पर शुक्रवार को एडीएम ओमप्रकाश सहारण के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया। एडीएम ने पूरे कलेक्ट्रेट परिसर का मुआयना कर स्वयं भी श्रमदान कर कार्मिकों का हौंसला बढ़ाया। कार्मिकों ने सफाई कर यह संदेश दिया कि श्रमदान के माध्यम से हर व्यक्ति को जुडऩा है एवं सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाना है। श्रमदान के दौरान साफ की गई घास एवं अन्य कचरे के साथ ही मिट्टी को वहां से हटाकर अन्य स्थल पर डाला गया। श्रमदान के प्रति सभी ने रूचि दिखाई एवं अपने हाथों से श्रमदान कर कार्यालय परिसर को सदैव स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने की सीख दी। एडीएम ने कहा कि कार्यालयों में श्रमदान के कई फायदे होते हैं, जो ना केवल कार्य स्थल के माहौल को बेहतर बनाते हैं, बल्कि कर्मचारियों के विकास में भी मदद करते हैं। इससे टीम भावना और सहयोग में वृद्धि होती है, सभी कर्मचारियों के मिलकर कार्य करने से आपसी समझ बढ़ती है और टीमवर्क मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि अपने ऑफिस के लिये कुछ करने से कर्मचारियों में उस स्थान के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी का भाव आता है। नियमित श्रमदान से कार्य स्थल साफ, सुंदर व व्यवस्थित रहता है, जिससे कार्य क्षमता भी बढ़ती है। साथ ही श्रमदान से व्यक्ति में सेवा भाव, नम्रता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का विकास होता है एवं यह मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिये भी लाभप्रद रहता है।
एडीएम ओमप्रकाश सहारण के निर्देशन में कलेक्ट्रेट कार्मिकों ने किया श्रमदान
By -
May 09, 2025
0
Tags: