जयपुर: चांदपोल बाजार के नींदड़ रावजी का रास्ता स्थित मंदिर श्री नृसिंह जी का पाटोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिर श्री नृसिंह जी अग्रवाल पंचायत समिति के अध्यक्ष चेतन अग्रवाल और मंत्री कैलाश चंद अग्रवाल ने बताया कि सुबह महंत मनमोहन शर्मा के सान्निध्य में वेद मंत्रोच्चार के साथ ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। आभूषण और ऋतु पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर में प्रतिष्ठित सभी विग्रहों का भी विशेष श्रृंगार किया गया। पं.उमेश व्यास के आचार्यत्व में विद्वान पंडितों ने हवन करवाया। अनेक श्रद्धालुओं ने नृसिंह भगवान को आहुतियां प्रदान की। मुख्य यजमान चेतन अग्रवाल ने सप्तनीक पूजन कर सबके कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दीं। स्विष्टकृत होम के बाद नारियल गोले से पूर्णाहुति दी गई। सामूहिक महाआरती के बाद भक्तों ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया। इसके साथ ही तीन दिवसीय पाटोत्सव का विधिवत समापन हुआ। पाटोत्सव के पहले दिन नृसिंह लीला और दूसरे दिन वराह लीला हुई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दोनों लीलाओं के दर्शन किए।
3/related/default