झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): स्थानीय खिदरसर ग्राम स्थित टोल प्लाजा के समीप विधायक राजेंद्र भांबू की अगुवाई में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा एवं स्वागत समारोह कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि यमुना नहर लाने के नाम पर कांग्रेस ने लंबे समय तक यहां की जनता को धोखा दिया है, अब जल्द ही ताजेवाला हिन्द से यमुना का पानी इस धरा पर पहुँचेगा। मैंने 21 साल से अटका आपका काम कर दिया है। उन्होंने उप चुनाव में भाजपा विधायक राजेन्द्र भांबू को बड़े बहुमत से जिताकर भेजने के लिए आमजन का आभार जताते हुए कहा कि विधायक भांबू जब भी मिलने आते है, काम की बड़ी सूची लेकर आते हैं और मैं वे सभी काम करता हूँ। शर्मा ने कहा कि वे यमुना जल प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों से बैठक कर इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाएंगे। विधायक राजेंद्र भांबू ने स्वागत भाषण में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से अटके पुलिस लाइन के रेलवे पुल व नगर परिषद ऑडिटोरियम के लिए बजट स्वीकृत करके विधानसभा को बड़ी सौगात दी है। इनके अलावा मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिह खर्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिह बगड़ी, जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, कार्यक्रम प्रभारी काशीराम गोदारा, संयोजक प्यारेलाल ढुकिया, मुकेश पातुसारी, जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सुनील लांबा, प्रधान रोहिताश्व धांगड़ सहित मण्डल अध्यक्ष उपस्थित थे। विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का साफा, सोल ओढ़ाकर, यमुना जल का प्रतीक नारियल सहित कलश व भगवान परशुराम का प्रतीक फरसा भेट कर स्वागत किया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने 51 किलो की पुष्पमाला से स्वागत किया। संचालन आत्माराम जांगिड़ ने किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में विधानसभा के कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे ।
3/related/default