निवाई (लालचंद सैनी): उपखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को महिलाओं ने शीतला माता के ठंडे पकवानों का भोग लगाया। शुक्रवार को शीतला माता के मंदिरों में सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं का पूजा के लिए तांता लगा रहा। सूर्योदय से पूर्व ही महिलाएं समूह के रूप में एकत्रित होकर शीतला माता के भजन व मंगल गीत गाते हुए शीतला माता के मन्दिर पर पहुंची। महिलाओं ने माता को जल से स्नान कराकर वस्त्र धारण करवाए। इसके बाद रोली, मोली, चावल सहित अन्य सामग्री से माता की पूजा की। पूजा के बाद माता जी को ठंडे पकवानों राबड़ी, कांजा, पुए, पापड़ी, पकौड़ी, पूरी सहित अन्य व्यंजनों का भोग लगाया। इसके बाद महिलाओं ने मंदिर पुजारिन की भी पूजा कर चुनरी ओढ़ाई। पूजा करती महिलाओं ने बताया कि अष्टमी शनिवार को है लेकिन शास्त्रोक्त शनिवार को माता की पूजा नहीं की जा सकती है। इसलिए शुक्रवार को सप्तमी के दिन ही शीतला माता की पूजा की गई है। शुक्रवार को दिनभर सभी ने भोजन के रूप में ठंडे पकवानों का ही सेवन किया। अधिकतर घरों में शुक्रवार को चूल्हे नहीं जले। शीतला सप्तमी के चलते शुक्रवार को शहर में स्थित कई ढाबे भी बंद रहे। मिठाइयों की दुकानों पर भी भट्टियां नहीं जलाई गई और गुरुवार को बनाई गई मिठाइयों का ही विक्रय किया गया। ऐसे ही कई कचोरी पकोड़े की दुकानें भी बन्द रही।
शीतला माता के ठंडे पकवानों का लगाया भोग, ठंडा ही खाया ठंडा ही खिलाया
By -
March 21, 2025
0
Tags: