कोटपूतली (रमेश बंसल मुन्ना): महात्मा गांँधी राजकीय विद्यालय पुरुषोत्तमपुरा व राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुदरपुरा में एडीजे प्रथम राजेश कुमार के निर्देशानुसार पीएलवी संजय कुमार जोशी द्वारा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रिंसिपल ललिता ने की। विद्यालय में महिला लैंगिक यौन उत्पीडऩ निवारण समिति गठन की रूपरेखा तैयार की। पैरा लीगल वालेंटियर संजय कुमार जोशी ने छात्रों को बताया कि किसी भी भय या उत्पीडऩ की स्थिति में डरना नहीं चाहिये। असामाजिक तत्वों से दूरी बनाये रखें। आत्मरक्षा के लिए भागे और जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगे। छात्रों को नालसा सॉन्ग के माध्यम से जागरूक किया गया, संविधान प्रदत अधिकार उनकी सुरक्षा के लिये है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी हैल्पलाईन नंबर 15100 पर मिस कॉल करने से समस्या का समाधान होगा। पुलिस हैल्पलाईन नंबर 1090 पर भी तुरंत कॉल कर सकते हैं। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की जानकारी भी दी गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार बुजुर्ग अपनी चल अचल संपत्ति उसी व्यक्ति को दे सकते हैं, जो उनकी सेवा, दवाई और भोजन की व्यवस्था करेगा। प्रधानाचार्य ने छात्रों से बाल विवाह रोकथाम अभियान में सहयोग करने और साईबर क्राईम से बचने के लिये मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की अपील की। अनजान लोगों से दूरी बनाये रखने और मानसिक तनाव या धमकी मिलने पर माता-पिता को बताने की सलाह दी। पैरा लीगल वालंटियर संजय कुमार जोशी ने बाल विवाह कानून, बच्चों की देखभाल और संरक्षण, पोक्सो एक्ट 2012 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस हैल्पलाइन का उपयोग करें और सतर्क रहें।
3/related/default