जयपुर/काठमांडू (श्रीराम इंदौरिया): अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 28 एवं 29 दिसंबर 2026 को नेपाल की राजधानी काठमांडू में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती समापन महोत्सव के अंतर्गत भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय महोत्सव में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न क्षेत्रों की 51 विशिष्ट प्रतिभाओं को ‘भारत-नेपाल शांति रत्न अवार्ड’ से सम्मानित एवं अभिनंदित किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के अंतर्गत तैयार की गई ‘विश्व बंधुत्व एकामहे’ (वसुधैव कुटुम्बकम्) की वैश्विक कार्ययोजना के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन केरल के महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर जी के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें काठमांडू में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। पोस्टर विमोचन के अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने अपने संदेश में भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के आत्मीय एवं अटूट संबंधों का उल्लेख करते हुए विश्व शांति, सांस्कृतिक सद्भाव और वैश्विक बंधुत्व का संदेश प्रसारित करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की। मंच के संयोजक एडवोकेट डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा विगत आठ वर्षों से अधिक समय से निरंतर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के उपलक्ष्य में समापन महोत्सव नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित किया जा रहा है। इस गरिमामय आयोजन में नेपाल सरकार के मंत्रियों, राजनयिकों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की विभूतियों तथा भारत और नेपाल की विशिष्ट प्रतिभाओं को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव ‘विश्व बंधुत्व एकामहे’ की मूल भावना पर केंद्रित रहेगा। इसका प्रमुख उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के आदर्श को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना तथा भारत-नेपाल मैत्री, विश्व शांति, मानव एकता, सांस्कृतिक सद्भाव एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा प्रदान करना है। महोत्सव के दौरान शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, समाजसेवा, चिकित्सा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण एवं मानव सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 51 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में मंच के संयोजक एडवोकेट डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा के साथ बोर्ड सलाहकार सदस्य इंजीनियर नरेंद्र कुमार पांडे, हरि शर्मा, प्रमोद शर्मा एवं मंथन शर्मा उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर का आधिकारिक पोस्टर का विमोचन करने एवं मार्गदर्शक संदेश प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्हें काठमांडू में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय समारोह में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच फाउंडेशन की यह पहल भारत-नेपाल की ऐतिहासिक मैत्री को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ विश्व बंधुत्व, मानव एकता, सामाजिक समरसता एवं वैश्विक शांति के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
केरल के महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर के कर-कमलों से ‘विश्व बंधुत्व एकामहे’ की वैश्विक कार्ययोजना के आधिकारिक पोस्टर का भव्य विमोचन
By -
November 23, 2026
0
Tags: