गुढ़ा बैरसल: लोकतंत्र में एक-एक वोट की अपनी अहमियत होती है। कभी एक वोट जीत का अंतर बन जाता है तो कभी एक वोट से हार का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ग्रामीणों ने अपने गांव की बेटी, बहू और बहन सोनी देवी पर विश्वास जताते हुए उन्हें सरपंच की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी विश्वास और ग्रामीणों के आशीर्वाद के साथ नवनिर्वाचित सरपंच सोनी देवी ने शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्राम पंचायत गुढ़ा बैरसल की कमान संभाली। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं समर्थकों ने उनका स्वागत कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। सरपंच सोनी देवी की जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि ग्रामीणों के भरोसे, महिलाओं की भागीदारी और गांव के बेहतर भविष्य की उम्मीद से जुड़ी है। गांव के लोगों ने उन्हें किसी बाहरी व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार की बेटी, बहू और बहन मानकर आशीर्वाद दिया। जिस विश्वास के साथ ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का उपयोग कर उन्हें चुना है, अब उस विश्वास को विकास कार्यों और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करने की जिम्मेदारी भी उनकी है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोनी देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा। गांव में पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में सभी ग्रामीणों को साथ लेकर चलेंगे। महिलाओं, बेटियों, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी भेदभाव के जनहित के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों के विश्वास और समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि गांव की हर महिला को सम्मान, बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर, बच्चों को बेहतर वातावरण और बुजुर्गों को उचित मान-सम्मान मिले, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, पात्र परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा पात्रता के अनुसार उन्हें लाभान्वित करवाने में भी पंचायत की सक्रिय भूमिका रहेगी। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ग्रामीणों के लिए यह जीत अपनेपन और विश्वास की जीत है। जिस प्रकार कन्यादान में बेटी को आशीर्वाद और विश्वास के साथ नई जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उसी भाव से ग्रामीणों ने अपनी बेटी-बहू सोनी देवी को वोट रूपी आशीर्वाद देकर गांव की बागडोर सौंपी है। अब ग्रामीणों की अपेक्षा है कि यह विश्वास गांव की गलियों, ढाणियों और घर-घर तक विकास के रूप में नजर आए। सोनी देवी की इस जिम्मेदारी में गांव की महिलाओं, युवाओं और प्रत्येक परिवार की भागीदारी ही गुढ़ा बैरसल को आगे बढ़ाने की मजबूत ताकत बनेगी। इस दौरान उप सरपंच धनराज गिरी गोस्वामी, वार्ड पंच सीताराम कुमावत, मधु देवी कुमावत, सुनीता यादव, नाजिया फारुक खान, रुपचंद बैरवा, बहादुर सिंह मीणा, सुरेश चंद कुमावत, सोहनी देवी, हरिनारायण, गोपाल सिंह खंगारोत, गीता देवी, विमला देवी सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।