राजस्थान में चुनावी नतीजों के बाद राजस्थान भाजपा में जवाबदेही पर मंथन, संगठन और सरकार की अलग-अलग रिपोर्ट

AYUSH ANTIMA
By -
0



जयपुर: राजस्थान में पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद अब भाजपा के भीतर सियासी घमासान तेज होता दिखाई दे रहा है। कल हुई अहम बैठक के बाद संगठन और सरकार के बीच खींचतान की स्थिति बनने के संकेत हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने चुनावी हार की जिम्मेदारी सरकार के सिर डालते हुए टिकट वितरण में सरकार के दखल को सबसे बड़ी वजह बताया है।

*संगठन की दलील- टिकट हमारे हिसाब से बंटे ही नहीं*

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्रियों की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट में चुनावी हार के पीछे टिकट वितरण को प्रमुख कारण बताया गया। सभी महामंत्रियों ने कथित तौर पर एक सुर में कहा कि टिकट वितरण में संगठन की राय को तवज्जो नहीं मिली। सरकार ने अपने हिसाब से टिकट बांटे और संगठन को जमीनी स्तर पर स्वतंत्र रूप से काम करने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया। संगठन की दलील है कि जब चुनावी फैसलों में उसकी भूमिका सीमित कर दी गई तो हार की पूरी जिम्मेदारी संगठन पर डालना उचित नहीं है।

*सरकार की भी तैयारी, संगठन के पदाधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड दिल्ली पहुंचा*

दूसरी तरफ सरकार की ओर से भी जवाबी तैयारी पहले ही की जा चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार की तरफ से मंत्रियों की कार्यशैली, चुनावी जिम्मेदारियों और संगठन के साथ उनके समन्वय को लेकर विस्तृत रिपोर्ट दिल्ली भेजी गई है। इसमें कुछ मंत्रियों की इलाके में कमजोर परफॉर्मेंस, चुनावी जिम्मेदारी मिलने के बावजूद अपने क्षेत्रों में सक्रिय नहीं रहने, सौंपी गई जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं करने और केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचाने जैसे बिंदु शामिल बताए जा रहे हैं।बैठक में संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी ने खुद को इस पूरे विवाद से अलग रखा। सूत्रों के अनुसार, तर्क है कि दोनों को जिम्मेदारी संभाले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। ऐसे में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जमीनी पकड़ बनाने के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिला है।

*अब सिर्फ चुनावी नतीजे नहीं, हर नेता का हिसाब-किताब होगा*

बैठक से पहले प्रदेश कार्यालय से सभी पदाधिकारियों का पूरा रिकॉर्ड और चुनावी प्रदर्शन का ब्यौरा मांगा गया था। इसमें मंत्री-विधायकों का रिपोर्ट कार्ड, पदाधिकारियों की सक्रियता, चुनावी क्षेत्रों में उनकी मौजूदगी, सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन और सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता तक का आकलन शामिल है। सूत्रों की मानें तो संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी है। मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाएं भी इसी राजनीतिक समीक्षा से जुड़ी बताई जा रही हैं। प्रदेश प्रभारी अपनी रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली भेज चुके हैं।

*सियासी संकेत साफ है* 

राजस्थान भाजपा में अब हार की समीक्षा से आगे जवाबदेही तय करने की बारी है। सवाल सिर्फ यह नहीं है कि पंचायत चुनाव में हार क्यों हुई, बल्कि यह भी है कि टिकट किसने तय किए, चुनाव किसने लड़वाया, जिम्मेदारी किसने निभाई और नतीजों की जवाबदेही आखिर किसकी होगी?आने वाले दिनों में संगठनात्मक फेरबदल और मंत्रिमंडल में बदलाव के जरिए इस अंदरूनी खींचतान का अगला अध्याय सामने आ सकता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!