कोटपूतली-बहरोड़: जिला परिषद के प्रथम उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस प्रत्याशी रमा गुर्जर निर्वाचित हुई हैं। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत गुरुवार को हुए निर्वाचन में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी उम्मेद सिंह को 15 मतों से पराजित किया। मतदान में कुल 27 जिला पार्षदों ने हिस्सा लिया और सभी मत वैध पाए गए। निर्वाचन परिणाम के अनुसार कांग्रेस की रमा गुर्जर को 21 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी उम्मेद सिंह के पक्ष में 6 मत पड़े। किसी भी मत को निरस्त नहीं किया गया और न ही नोटा के पक्ष में कोई मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने रमा गुर्जर को विजयी घोषित किया। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को एक निर्दलीय जिला पार्षद का समर्थन भी प्राप्त हुआ। गौरतलब है कि 27 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 20, भाजपा के 6 और एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। भाजपा ने वार्ड संख्या 2 के पार्षद उम्मेद सिंह को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था। निर्वाचन से पहले अस्थाई जिला परिषद के रूप में संचालित पंचायत समिति भवन में नामांकन प्रक्रिया हुई। कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, पूर्व विधायक रामचन्द्र रावत और नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रामनिवास यादव सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में रमा गुर्जर ने पार्टी सिंबल के साथ नामांकन दाखिल किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी उम्मेद सिंह ने जिला महामंत्री एडवोकेट सुरेन्द्र चौधरी, जिला पार्षद रोहिताश्व सिंधु और अशोक सुरेलिया सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन प्रस्तुत किया। परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने रमा गुर्जर को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनकी जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बधाई देकर खुशी जताई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला ऑब्जर्वर आईएएस ऋषभ मंडल, एडीएम सोहन सिंह नरूका, एसडीएम योगेश सिंह देवल, तहसीलदार रामधन गुर्जर और ब्लॉक ऑब्जर्वर आरएएस निहारिका सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पंचायत समिति भवन परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। उल्लेखनीय है कि 39 वर्षीय रमा गुर्जर विराटनगर तहसील के ग्राम सेवरा की निवासी हैं। उच्च शिक्षित रमा गुर्जर ने पीएचडी तक की शिक्षा प्राप्त की है। वे जिला परिषद के वार्ड संख्या 18 से पार्षद निर्वाचित हुई हैं। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में उन्होंने भाजपा की रेखा गुर्जर को 1,244 मतों के अंतर से हराया था।
कोटपूतली-बहरोड़ की पहली उप जिला प्रमुख बनीं रमा गुर्जर, कांग्रेस प्रत्याशी ने 15 मतों से दर्ज की जीत
By -
November 26, 2026
0
Tags: