निवाई (लालचंद माली): जयपुर रोड स्थित दामोदर गोशाला में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोशाला परिसर गौ माता के जयकारों और धार्मिक आयोजनों से गुंजायमान रहा। दिनभर चले कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में गो भक्तों ने भाग लेकर गौ सेवा और धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गोशाला अध्यक्ष प्रेम बोहरा एवं संयोजक रवि अग्रवाल ने बताया कि गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ गौ माता का पूजन किया। इस दौरान गौ माता को चुनरी ओढ़ाई गई तथा गुड़, लापसी और हरा चारा खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के तहत गोशाला परिसर में भव्य धर्मसभा आयोजित हुई। इसमें संतों एवं वक्ताओं ने गौ माता की महिमा का गुणगान करते हुए गौ सेवा को भारतीय संस्कृति, धर्म और मानवीय संवेदनाओं का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने गौ संरक्षण और सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से गौ सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। इसके पश्चात आयोजित हरिनाम संकीर्तन में भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और नृत्य करते हुए भगवान के नाम का गुणगान किया। आयोजन के समापन पर सायंकाल भव्य अन्नकूट पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें निवाई शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। गोपाष्टमी का यह आयोजन गौ सेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दे गया।
गोपाष्टमी पर दामोदर गोशाला में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गौ पूजन के बाद हजारों भक्तों ने ग्रहण की अन्नकूट प्रसादी
By -
November 17, 2026
0
Tags: