राजस्थान विश्वविद्यालय महिला संस्था द्वारा संविधान दिवस समारोह का आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान विश्वविद्यालय महिला संस्था (RUWA) द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रो.अमला बत्रा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो.आशा कौशिक एवं प्रो.लाड कुमारी जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि प्रो.सविता कमल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रो.आशा कौशिक ने भारतीय संविधान की मूल भावना एवं उसके आधारभूत ढाँचे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनभागीदारी में निहित है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार प्राप्त होने के महत्व को रेखांकित किया। मुख्य अतिथि प्रो.लाड कुमारी जैन ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान देश का सर्वोच्च कानून है और यह हमारी शक्ति का आधार है। उन्होंने संवैधानिक जवाबदेही एवं नागरिक जागरूकता के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), अनुच्छेद 15 (भेदभाव का निषेध) एवं अनुच्छेद 19 (स्वतंत्रता का अधिकार) की व्याख्या करते हुए समाज में महिलाओं की स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के संदर्भ में सती प्रथा विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए महिला सुरक्षा एवं समानता से जुड़े संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही अनुच्छेद 42 के माध्यम से महिलाओं के लिए न्यायसंगत एवं मानवीय कार्य परिस्थितियों तथा मातृत्व राहत के महत्व को भी समझाया। विशिष्ट अतिथि प्रो.सविता कमल ने संविधान और समाज में विद्यमान विभिन्न विषमताओं के संदर्भ में संविधान की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान सामाजिक असमानताओं को दूर करने, समान अवसर प्रदान करने तथा एक न्यायपूर्ण एवं समतामूलक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस अवसर पर प्रो.प्रेरणा पुरी तथा एनसीसी कैडेट्स सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता की भावना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों को रेखांकित करना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!