रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव, 2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य तथा ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच पदों के लिए चतुर्थ चरण में होने वाले मतदान को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संबंधित पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों के साथ उनसे लगते हुए 5 किलोमीटर की परिधि में सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत रानीवाड़ा, बागोड़ा एवं सरनाऊ पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए 12 नवंबर को सायं 6 बजे से 14 नवंबर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए 14 नवंबर को सायं 6 बजे से 16 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस प्रभावी रहेगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर, 2026 को निर्धारित है। संबंधित क्षेत्रों में मतगणना के दौरान भी नियमानुसार सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।