जयपुर (कार्यालय संवाददाता): टोंक रोड स्थित श्री पिंजरा पोल गौशाला की भूमि पर बिना स्वीकृति के अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर नगर निगम का सांगानेर जोन प्रशासन सख्त हो गया है। जोन उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने गौशाला प्रबंधन को नोटिस जारी कर संबंधित भूमि के स्वामित्व और निर्माण स्वीकृति से जुड़े दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गौशाला एवं कृषि प्रयोजन के लिए आवंटित जमीन पर नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं और अवैध निर्माण किया गया है। प्राथमिक जांच के बाद सांगानेर जोन कार्यालय की ओर से प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। जोन अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर राजस्थान नगर पालिका अधिनियम के तहत अवैध निर्माणों को सील करने या ध्वस्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पिंजरा पोल गौशाला की जमीन पर व्यावसायिक गतिविधियों पर निगम सख्त, मांगे दस्तावेज
By -
November 12, 2026
0
Tags: