दीपोत्सव की रौनक से गुलजार हुए बाजार, खरीदारी को उमड़ रहे ग्राहक

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजार रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से गुलजार होने लगे हैं। त्योहारी खरीदारी को लेकर बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर आकर्षक सजावटी सामान, कपड़े, मिठाइयां, पूजन सामग्री और आतिशबाजी की खरीदारी का दौर शुरू हो गया है। दीपावली के पांच दिवसीय पर्व के तहत 6 नवंबर को धनतेरस, 7 नवंबर को रूप चौदस, 8 नवंबर को लक्ष्मी पूजन एवं दीपावली, 9 नवंबर को सोमवती अमावस्या, 10 नवंबर को अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा तथा 11 नवंबर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर रेडीमेड गारमेंट्स, फैंसी स्टोर, शूज स्टोर और सजावटी सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक लाइटों और सजावटी वस्तुओं से सजे बाजार लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के पोस्टर, कैलेंडर एवं पूजन सामग्री की भी जमकर खरीदारी हो रही है। आतिशबाजी और पटाखों के काउंटरों पर भी बच्चों एवं युवाओं की आवाजाही बढ़ गई है। शहर के बाजारों में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में रौनक बढ़ गई है। दूसरी ओर दीपोत्सव को लेकर घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य भी जोर-शोर से चल रहा है। पेंट, डिस्टेंपर, ब्रश और हार्डवेयर की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। चारों ओर खरीदारी और सजावट की तैयारियों के बीच शहर में दीपावली का उल्लास परवान चढ़ने लगा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!