जयपुर से ट्रेन में बैठकर निवाई पहुंची पांच वर्षीय मासूम, टोंक में मिली लावारिस; शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मचा हड़कंप

AYUSH ANTIMA
By -
0


टोंक (लालचंद माली): शहर में पांच वर्षीय मासूम बालिका के लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। बालिका के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया। चार युवकों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बालिका को बाल कल्याण समिति तक पहुंचाया। इसके बाद समिति ने मानव तस्करी विरोधी यूनिट की सहायता से उसे संरक्षण में लेकर उपचार के लिए जनाना अस्पताल में भर्ती करवाया। जानकारी के अनुसार बालिका के मिलने की सूचना पर बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अपने संरक्षण में लिया। प्रारंभिक बातचीत में बालिका ने बताया कि उसके माता-पिता उसके साथ मारपीट करते हैं। बालिका ने यह भी बताया कि वह जयपुर से ट्रेन में बैठकर निवाई पहुंची थी। इसके बाद बस और फिर ऑटो में सफर करते हुए आगे चली गई। इतनी छोटी उम्र में अकेले लंबा सफर तय कर टोंक पहुंचने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए है। बालिका के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद समिति पदाधिकारियों ने उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उसे जनाना अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं बालिका के परिजनों, उसके टोंक पहुंचने के घटनाक्रम और चोटों के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक पड़ताल की जा रही है। इस दौरान बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नवल खान एवं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष हेमराज चौधरी मौजूद रहे। चार युवकों की सतर्कता और मानवीय पहल से मासूम को समय पर संरक्षण मिल सका। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पांच साल की बच्ची आखिर किन परिस्थितियों में घर से निकली और उसके शरीर पर चोटों के निशान कैसे आए।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!