जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर पंचायती राज चुनावों के परिणामों और भरतपुर जिला परिषद के गठन को लेकर राज्य सरकार, भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डोटासरा ने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने 300 से अधिक पंचायत समितियों और 27 जिला परिषदों में बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा केवल 62 पंचायत समितियों और 5-6 जिला परिषदों तक सिमट गई।
*चुनाव परिणामों और वोट शेयर पर दावा*
• पंचायत समिति व जिला परिषद: डोटासरा के अनुसार, कांग्रेस ने 62 प्रतिशत पंचायत समितियां जीतीं और जिला परिषद के 50 प्रतिशत वार्डों पर कब्जा किया, जबकि भाजपा का मत प्रतिशत 28 रहा। उन्होंने कहा कि वोट शेयर में कांग्रेस करीब 5.45 प्रतिशत आगे है और चार जिलों के रोके गए परिणाम जारी होने पर यह अंतर और बढ़ेगा।
• सरकार पर निशाना: उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसान, युवाओं और अपराध के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और एसीबी मामले में मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए।
*भरतपुर जिला परिषद और सदस्यों को लेकर आरोप*
• 18 सदस्य पेश किए, 3 के गायब होने का दावा: डोटासरा ने प्रेस वार्ता में भरतपुर के 18 निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि तीन सदस्यों—अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू—को भाजपा द्वारा सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर ले जाया गया।
• प्रलोभन व दबाव के आरोप: उन्होंने दावा किया कि चौमूं के एक होटल में ठहरे सदस्यों को पुलिस अधिकारियों के माध्यम से भाजपा के पक्ष में जाने के लिए धमकाया गया और 60-70 लाख रुपये तक के प्रलोभन दिए गए।
• चेतावनी: डोटासरा ने कहा कि बहुमत न होने के बावजूद मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भरतपुर में कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दमन और दबाव की राजनीति के खिलाफ कांग्रेस संघर्ष करेगी।