शेखावाटी के झुंझुनूं जिले की वीर धरा की राजनीतिक हवाएं कब करवट बदल ले। यदि चाणक्य होते तो उनके लिए भी अंदाजा लगाना कठिन होता लेकिन हाल ही में पंचायत चुनावी परिणामों को देखते हुए कोई ज्योतिषीय गणना की जरूरत नही। यह तो भारतीय जनता पार्टी के माननीया जिलाध्यक्ष जी के उन अथक प्रयासों का सटीक परिणाम है, जिसकी गूंज अब जयपुर से लेकर दिल्ली तक सुनाई दे रही है। इन चुनावों को लेकर बहुत सी समितियां बनी, संयोजक और सह संयोजक बनाए गये। जयपुर से उम्मीदवारों की टिकट वितरण को लेकर ग्राउंड रिपोर्ट का ढकोसला भी किया गया। बैठकों का तूफानी दौर चला, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रणनितियो के ऐसे पुल बांधे गये, देखने वालों को ऐसा लगा कि इस बार किला फतह होकर ही रहेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष जी ने दिन रात एक कर दिए रूठो को मनाने के नाम पर, नये रूठे पैदा किए गये तो कहीं टिकट वितरण के समीकरणों को इतना जटिल बना दिया कि खुद उम्मीदवार ही गणित भूल गये। उनकी कार्यशैली की विशेषता यह रही कि विपक्षी दल कांग्रेस को मेहनत करने का मौका ही नहीं दिया। जहां जहां संगठन को मजबूत करने की बात आई, वहां गुटबाजी को इतनी खूबसूरती से सींचा गया कि चुनाव परिणाम आते आते सारी फसल चौपट हो गई। आखिरकार मतगणना का दिन आया, ज्यों ही परिणाम आने शुरू हुए, जिलाध्यक्ष जी की रणनीति की परतें खुलने लगी। परिणाम वाकई ऐतिहासिक रहे। भाजपा का ऐसा सूपडा साफ हुआ कि कांग्रेस एक पल हैरान और सकते में आ गई कि इतनी बड़ी जीत आखिर उन्हें मिली कैसे। 41 सीटो वाली जिला परिषद में 11 सीटों पर सिमटना और 14 पंचायत समितियों में से 12 को कांग्रेस की झोली में डाल देना, यह किसी साधारण योजना से संभव हो ही नहीं सकता था। इसके लिए वाकई अथक प्रयासों की दरकार थी, जिसमें जिलाध्यक्ष जी ने कोई कमी नहीं छोड़ी। अब भाजपा कार्यकर्ता इस दुविधा में हैं कि इस करारी हार का शोक मनाएं या फिर अपने जिला नेतृत्व की उस दूरदर्शिता पर ताली बजाएं, जिसने पूरे जिले में सियासी जमीन को भारतीय जनता पार्टी के लिए समतल और साफ कर दिया। देखा जाए तो भारतीय जनता पार्टी के लिए जिले मे यह ऐतिहासिक चुनावी परिणाम किसी साधारण हार का नतीजा नहीं बल्कि जिलाध्यक्ष जी की कड़ी मेहनत का फल है। लोकतंत्र में हार और जीत एक स्वाभाविक प्रक्रिया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी का लगातार पिछड़ना संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिलाध्यक्ष जी को सोचना होगा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, आपसी समन्वय और जन आधार व निष्ठावान व पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की रणनीति ही भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सहायक हो सकती है।
3/related/default