झुंझुनूं जिला वीर प्रसूता का गौरव हासिल करने के साथ ही भामाशाहों व दानवीरों की धरा के नाम से विख्यात रही है, जिन्होंने सामाजिक सरोकार के अनेक कार्य किए और इतिहास के पन्नों में अमर हो गये। उन्हीं भामाशाहों की श्रेणी में सिल्वर किंग के नाम से मशहूर सेठ मोतीलाल का नाम अग्रिम पंक्ति में आता है। समय बदला, सामाजिक सरोकार के मापदंड भी बदले, उसी बदले समय में आजकल झुंझुनूं में एक अत्यन्त क्रान्तिकारी और दूरदर्शी शोध चल रही है। शोध का विषय है कैसे एक 85 साल पुरानी हरे भरे ज्ञान के मंदिर को कंक्रीट के पंडाल और शापिंग काम्प्लेक्स में तब्दील कर सच्ची मानव सेवा की जाए। उनकी सोच है कि कब तक हमारे नौजवान पुराने कमरों में बैठकर इतिहास, विज्ञान और कानून की मोटी-मोटी किताबे पढते रहेगे। समय बदल चुका है, जिस दौर में सिल्वर किंग के नाम से मशहूर सेठ मोतीलाल ने 1937 में अपनी गाढ़ी कमाई लगाकर शेखावाटी के बच्चों के भविष्य के लिए एक संस्थान की नींव रखी, तब उनको शायद पता नहीं था कि आने वाली पीढ़ीयां इतनी व्यवसायिक हो जाएगी कि उनके बनाए गये शिक्षा के मंदिर को ही रियल एस्टेट की सबसे बेहतरीन साईट मान लेंगे। आज के हमारे कथित परोपकारी भामाशाह, विकास पुरूष यह सोच रहे हैं कि 9.66 हेक्टेयर की इस विशाल भूमि पर छात्र घूमते रहेंगे, खेल के मैदान में पसीना बहाते रहेंगे, पुस्तकालय में किताबों को पलटते रहेंगे तो भला लक्ष्मी जी का आगमन कैसे होगा। सरस्वती जी को तो इन कमरों मे रहते हुए आठ दशक हो गये, अब थोड़ा कामर्शियल बदलाव कर लक्ष्मी जी को भी जगह मिलनी चाहिए लेकिन यह क्या हो रहा है, जो लक्ष्मी जी को रहने की जगह नहीं दे रहे व इस पुनीत कार्य में कुछ पिछड़े विचारों वाले इस कालेज से पढ़कर निकले भावुक छात्र रोड़ा अटका रहे हैं। देखा जाए तो उन महानुभावों की यह सोच है कि यह सिर्फ जमीन या ईंट गारे से बनी विशाल इमारत ही नहीं बल्कि झुंझुनूं और शेखावाटी की आत्मा की पहचान है। यह लोग हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं, कलेक्टर महोदय को ज्ञापन दे रहे हैं और कालेज बचाओ के नारे लगा रहे हैं लेकिन इनको कौन समझाए कि आज के युग में डिग्री और संस्कारों से ज्यादा स्क्वायर फीट का भाव है। सिल्वर किंग सेठ मोतीलाल ने चांदी का व्यापार करके विश्व में अपना नाम कमाया था। आज उस नाम की जमीन बेचकर सोना बनाने की फिराक में है। इससे बड़ी श्रद्धांजलि उस महान दानवीर आत्मा को क्या हो सकती है कि उनके नाम की संस्था को ही इतिहास के पन्नों में दफन कर दिया जाए। शायद स्वर्ग में विराजमान उनकी पुण्य आत्मा दुखी हो रही होगी कि आज के कथित दानवीर और भामाशाहों ने ऐसा चश्मा पहन रखा है, जिससे सामाजिक सरोकार नहीं खुद का सरोकार ही नजर आता है। राजस्थान की डबल इंजन सरकार पुरातत्व संग्रहालय की हवेलियो, बावड़ियों के संरक्षण को लेकर प्रभावी योजनाएं चला रही है, जिसमें शेखावाटी की इन पहचानो को बचाया जा सके। इसको लेकर झुन्झुनू के माननीय विधायक का भी परम कर्तव्य होना चाहिए कि विकास का दंभ भरा जा रहा है और सेठ मोतीलाल महाविद्यालय का विनाश हो रहा है। इसको लेकर यही कहा जा सकता है कि सिल्वर किंग सेठ मोतीलाल के नाम को मिटाने की कवायद हो रही है।
*क्रमशः शेष अगली कड़ी में: आखिर शेखावाटी के भामाशाहों व दानवीरों का अपनी मातृभूमि से मोहभंग क्यों*