चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): दीपावली के त्योहार को लेकर चिड़ावा का बाजार पूरी तरह गुलजार हो गया है। बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से देर शाम तक दुकानों पर खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। दीपावली के मद्देनजर बाजार में कपड़े, मिठाई, बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी सामान और पूजा सामग्री की दुकानों पर विशेष रौनक नजर आ रही है। लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचकर त्योहार की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, नगर पालिका की ओर से भी बाजार में आकर्षक सजावट करवाई गई है, जिससे बाजार की सुंदरता और रौनक बढ़ गई है। रंग-बिरंगी रोशनी और सजी दुकानों के बीच पूरा बाजार दीपावली के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गौरतलब है कि 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में आगामी दिनों में बाजार में खरीदारी की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
दीपावली की रौनक से जगमगाया चिड़ावा बाजार, ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के खिले चेहरे
By -
November 04, 2026
0
Tags: