जयपुर नगर निगम में 'आदेश और रोक' का खेल: तबादला सूची जारी होने के दो घंटे बाद ही लगा ब्रेक, अफसर असमंजस में

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: जयपुर नगर निगम की प्रशासनिक कार्य प्रणाली एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। बुधवार को निगम प्रशासन द्वारा 11 अधिकारियों के तबादलों की भारी-भरकम सूची जारी तो कर दी गई, लेकिन आदेश जारी होने के महज दो घंटे के भीतर ही नई जगह पर ज्वाइनिंग रोकने के मौखिक निर्देशों ने निगम के गलियारों में हलचल मचा दी है। इस घटनाक्रम के बाद न केवल तबादला किए गए अधिकारी असमंजस में हैं, बल्कि आमजन के कामकाज भी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

*आखिर किसके दबाव में रुकी ज्वाइनिंग*

अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में पशु प्रबंधन, फायर सेफ्टी, उद्यानिकी, स्टोर और एनयूएलएम जैसे महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ विभिन्न जोनों के उपायुक्तों के प्रभार बदले गए थे लेकिन शाम होते-होते निगम मुख्यालय से संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर फिलहाल कार्यभार ग्रहण न करने की हिदायत दी गई। चर्चा है कि सूची में शामिल कुछ विवादित नामों और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर अंदरूनी स्तर पर भारी विरोध शुरू हो गया था।

*विवादित चेहरों की 'रि-एंट्री' पर सियासत गरमाई*

इस पूरी कवायद में सबसे ज्यादा चर्चा उन अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर है, जिनका पिछला रिकॉर्ड विवादों में रहा है। एसीबी की कार्रवाई के दौरान चर्चा में आए और एपीओ चल रहे सुनील बैरवा को वापस उसी सिविल लाइंस जोन की जिम्मेदारी सौंपने पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा, लंबे समय से एक ही सीट पर जमे रहने और कोर्ट केस का सामना कर रही महिला अधिकारी को जोन में उपायुक्त लगाने तथा विधायक से तनातनी के चलते हवामहल-आमेर जोन डीसी संतलाल मक्कड़ को हटाए जाने को लेकर भी निगम की कार्यशैली पर उंगलियां उठ रही हैं।

*तालमेल की कमी से ठप हो रहा विकास*

निगम के जानकारों का मानना है कि हालिया सफाई टेंडर विवाद के बाद से ही महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ऐसे में बिना ठोस होमवर्क के तबादला सूची जारी करना और फिर आनन-फानन में उसे रोक देना, प्रशासनिक तालमेल की कमी को उजागर करता है। यदि जल्द ही स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, तो विभिन्न जोनों में चल रही जनसुनवाई और विकास कार्यों की रफ्तार पर ब्रेक लगना तय है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!