चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अग्रवाल समाज चिड़ावा की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से निमंत्रण कार्डों का विमोचन कर सभी परिवारों से समारोह में शामिल होने की अपील की। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। 10वीं, 12वीं एवं कॉलेज में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सीए, सीएस, नीट, जेईई, एमबीबीएस, एमबीए, आरएएस, आईएएस एवं अन्य सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के हास्य कवि हरिश हिंदुस्तानी अपनी ठेठ मारवाड़ी शैली में प्रस्तुति देंगे। साथ ही 'गर्व है हम अग्रवाल हैं' विषय पर रोचक प्रश्न मंच आयोजित होगा, जिसमें आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे। प्रतिभा सम्मान के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर निर्धारित की गई है। पात्र प्रतिभाएं अपनी मार्कशीट एवं उपलब्धियों के प्रमाण-पत्रों की प्रतियां आयोजकों के पास जमा करवा सकती हैं। समारोह 9 नवंबर 2026 को शाम 4:15 बजे अग्रसेन धाम में आयोजित होगा। कार्यक्रम के पश्चात सपरिवार अग्र भोज की व्यवस्था रहेगी। समाजबंधुओं ने इसे संपूर्ण अग्रवाल समाज का सामूहिक आयोजन बताते हुए सभी परिवारों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
दीपावली स्नेह मिलन में सम्मानित होंगी अग्रवाल समाज की प्रतिभाएं, तैयारियां तेज
By -
November 04, 2026
0
Tags: