चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शहर की कॉलेज रोड के पास स्थित श्रीपीठ महालक्ष्मी धाम में पांच दिवसीय महालक्ष्मी महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को धाम में रिद्धि सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में पूजन के साथ हुआ। मंदिर महंत वाणीभूषण पंडित प्रभुशरण तिवाड़ी के सानिध्य में पंडित बालकृष्ण चौरासिया और पंडित मातादीन शर्मा ने पूजन करवाया। इस दौरान मुख्य यजमान शिवकुमार पोद्दार, विनोद बरासिया, जनार्दन वेद, पूर्व पार्षद शिवलाल सैनी, गुलजारी लाल सैनी, राजेंद्र शर्मा, महेंद्र बदनगढिया, देवीदत्त शर्मा, महेंद्र सिंह रणवां, राजीव व्यास, गिरधर गोपाल महमिया, महेश शर्मा, रतिराम राजोरिया, रामनिवास जांगिड़ सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूजन किया। धाम के प्रवक्ता गिरधर गोपाल महमिया एवं तेज प्रकाश सोनी ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव के तहत 5 नवंबर को सुबह 10 बजे से महालक्ष्मी महायज्ञ आरंभ होगा, 6 नवंबर को दोपहर 2 बजे महायज्ञ संपन्न होगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे से श्रद्धालुओं को कुबेर कलश एवं महालक्ष्मी यंत्र का वितरण किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दो दिन 7 और 8 नवंबर को महालक्ष्मी श्रृंगार एवं दर्शन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान धाम परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। भक्तों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था रहेगी।
3/related/default