खाटूश्यामजी (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस विशेष अवसर पर खाटू नगरी को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के बाबा श्याम के दरबार में पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बाबा श्याम के दरबार को आकर्षक फूलों, गुब्बारों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। मंदिर परिसर सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष सजावट की जाएगी। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन, पेयजल, साफ-सफाई और पार्किंग की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन भी होंगे।
*सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात होंगे 800 पुलिसकर्मी*
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले की व्यवस्थाओं के लिए 800 कांस्टेबल, 20 डीएसपी, 30 सीआई सहित विभिन्न स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की तैनाती प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 800 होमगार्ड और 1000 निजी सुरक्षा गार्ड भी व्यवस्था संभालेंगे। मेले में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
*यातायात और पार्किंग पर विशेष फोकस*
खाटू नगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष योजना बनाई गई है। लखदातार ग्राउंड, श्याम ग्राउंड सहित निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि कस्बे में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
*प्रशासनिक अधिकारी कर रहे तैयारियों की समीक्षा*
जन्मोत्सव और मेले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पेयजल, चिकित्सा, बिजली, सफाई, सुरक्षा और यातायात सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सुविधाओं की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। माना जा रहा है कि इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त खाटू धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करेंगे।