रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में सोमवार को चतुर्थ चरण में पंचायत समिति रानीवाड़ा, बागोड़ा व सरनाऊ में पंच व सरपंच के मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए। शाम 6 बजे तक प्राप्त हुए आंकडों के अनुसार पंचायत समिति रानीवाड़ा में 79.39 प्रतिशत, पंचायत समिति बागोड़ा में 79.86 प्रतिशत व पंचायत समिति सरनाऊ में 89.63 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में जिले की 3 पंचायत समितियों में सोमवार को सुबह से ही उत्साह के साथ मतदाता मतदान केन्द्रों पर पहुंचे, साथ ही बुजुर्ग, महिला, युवा व दिव्यांगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।
*मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगों व अति वृद्ध मतदाताओं के लिए रही विशेष सुविधा*
पंचायतीराज आम चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं अति वृद्ध मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, ताकि वे सुगमता से मतदान कर सके। साथ ही स्वयंसेवक रूप में एनसीसी एवं स्काउट के बच्चों ने बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सहायता की। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। युवक एवं युवतियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान कर लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया।