खाटूश्यामजी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, खाटूधाम आने वाले वाहनों के लिए तीन स्थानों पर निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
*दो दिन तक वाहनों की आवाजाही बंद*
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर उपखंड अधिकारी रींगस बृजेश कुमार गुप्ता ने आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर को सुबह 10 बजे तक रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमूं पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग को 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया गया है। इस दौरान इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, खाटूश्यामजी जाने वाले वाहनों के लिए रींगस-बावड़ी-ठिकरिया-शाहपुरा मोड़-52 बीघा पार्किंग (नेशनल हाईवे-52) मार्ग पर आवागमन पहले की तरह जारी रहेगा।