नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। कोर्ट ने मेडिकल आधार पर उन्हें मंगलवार की पेशी से छूट दे दी है। दीपके को मंगलवार को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित SEM कोर्ट में पेश होना था। उनकी ओर से वकील अभिक चिमनी ने कोर्ट में अर्जी देकर मेडिकल कारणों से व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की थी। इस पर स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अखिलेश मिश्रा ने सिर्फ मंगलवार के लिए छूट दे दी और मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को तय कर दी। सुनवाई के दौरान दीपके के वकील ने उन दस्तावेजों की भी मांग की, जिनके आधार पर दिल्ली पुलिस ने उनसे शांति और सदाचार का पीस बॉन्ड भरवाया था। दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया कि दस्तावेज पहले ही कलंदरा के साथ दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी कोर्ट ने वकील को दस्तावेज उपलब्ध कराए।
*क्या है पूरा मामला ?*
16 अक्टूबर को दिल्ली में 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने BNSS की धारा 126 और 170 के तहत निवारक कार्रवाई की थी। बाद में SEM कोर्ट ने उन्हें सशर्त जमानत दी थी, जिसके तहत उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने पड़े थे। अब दीपके पक्ष ने कोर्ट से ये स्पष्ट करने की मांग की है कि किन दस्तावेजों और आधारों पर उनसे बॉन्ड भरवाया गया था। इस पर 2 दिसंबर को सुनवाई होगी।