बीकानेर (मुकेश रामावत): मुक्ता प्रसाद थाना इलाके के चर्चित जय सिंह हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने पुलिस जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने तथा मुख्य आरोपित बताई जा रही कुंजिका कंवर की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में परिजनों का आरोप है कि हत्या के मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन घटना की कथित साजिशकर्ता कुंजिका कंवर की भूमिका की अब तक समुचित जांच नहीं की गई। घटना से पहले हुई फोन बातचीत, पारिवारिक विवादों की पृष्ठभूमि और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच नहीं हुई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और सीसीटीवी फुटेज की समग्र जांच नहीं की गई। उन्होंने आशंका जताई कि कई बिंदुओं पर जांच शेष रहते हुए ही चालान पेश करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सभी तथ्यों और संभावित कड़ियों की निष्पक्ष पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
जय सिंह हत्याकांड: परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की मांग
By -
July 03, 2026
0
Tags: