खैरथल-तिजारा (जयबीर सिंह): टहला के अंतर्गत ग्राम पंचायत नागल सालिया के गाँव लाहोड़ में स्थित लगभग 80 वर्ष पुराने खुले कुएं को लेकर ग्रामीणों में भारी चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कुआँ लंबे समय से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला पड़ा है, जिसके कारण आए दिन पशु इसमें गिरकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में एक गाय का बछड़ा भी इसी खुले कुएं में गिर गया, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि इस कुएं के संबंध में कई बार ग्राम पंचायत, सरपंच एवं प्रशासन को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कुएं पर जाल लगाने, चारदीवारी बनाने अथवा अन्य सुरक्षा उपाय करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए गए लिखित ज्ञापन में बताया है कि खुले कुएं के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। गांव में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मवेशी प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे उनकी जान को लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में किसी व्यक्ति की जान भी जा सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और ग्राम पंचायत की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खुले कुएं पर तत्काल मजबूत लोहे का जाल अथवा सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि को रोका जा सके। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।
*ग्रामीणों की प्रमुख मांगें*
* खुले कुएं को तत्काल सुरक्षित किया जाए।
* कुएं पर मजबूत लोहे का जाल या चारदीवारी बनाई जाए।
* भविष्य में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
* शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।