खैरथल-तिजारा (जयबीर सिंह): उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक उद्यमियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भिवाड़ी द्वारा न्यू रीको गेस्ट हाउस, भिवाड़ी में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भिवाड़ी क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक संघों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकारियों ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2024, राजस्थान एमएसएमई पॉलिसी-2024, राजस्थान ओडीओपी पॉलिसी, राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2024, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के प्रावधानों, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं योजनाओं के तहत उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहनों एवं लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित उद्यमियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने गए तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। अधिकारियों ने उद्यमियों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन करने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भिवाड़ी रिचा शर्मा ने बताया कि विभाग का उद्देश्य उद्यमियों को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ जिले में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करना है।