बीकानेर (मुकेश रामावत): श्रीडूंगरगढ़ के पास नेशनल हाइवे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक के दौरान बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 8 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे वाहन रुक गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को बोलेरो से बाहर निकाला गया। घायलों में बोलेरो चालक दानीराम की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा प्रतीक्षा, आईना, मेघा, अमिता, निधि और एक 2 साल का बालक भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद 7 घायलों को उप जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया, जबकि विकास नामक युवक को निजी वाहन से बीकानेर ले जाया गया। एक साथ आधा दर्जन से अधिक घायलों के पहुंचने से उपजिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। मेडिकल टीम अलर्ट पर आ गई। घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। जानकारी के अनुसार अमिता अपने परिवार के साथ 22 जुलाई को बिग्गा में होने वाले शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। बोलेरो में वह अपने बेटे-बहू, 2 बेटियों और पोते-पोती के साथ सवार थीं। फिलहाल पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए हाइवे को फोरलेन करने और श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर बनाने की मांग दोहराई है।
3/related/default