जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अफ्रीकी देश सूडान और राजस्थान के व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए सूडान सरकार का प्रतिनिधिमंडल जयपुर पहुंचा। यहां फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी)और सूडान सरकार के प्रतिनिधियों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने के लिए विशेष वार्ता हुई। इसमें सूडान की ओर से कृषि मंत्री डॉ.खिदिर रमादान सादिक मोहम्मद और ट्रेड एंड इंडस्ट्री मिनिस्टर हिंद मुस्तफा अली अब्दुल्ला के साथ 13 प्रतिनिधि और फोर्टी संरक्षक सुरजाराम मील, मुख्य सचिव नरेश सिंघल और गिरधारी खंडेलवाल, यूथ विंग सचिव प्रशांत शर्मा शामिल हुए।अपने स्वागत संबोधन में फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि अमेरिका की ओर से टैरिफ बढ़ाने की धमकियां और पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण तनाव से पारंपरिक वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसलिए फोर्टी राजस्थान के उद्यमियों के लिए सूडान जैसे देशों में नए अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाएं तलाशने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए सूडान सरकार के साथ फोर्टी के सदस्यों ने 482 करोड़ के एमओयू साइन किए हैं। हम केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न देशों के साथ हुए एफटीए (फोरन ट्रेड एग्रीमेंट) का ज्यादा से ज्यादा लाभ राजस्थान के निर्यातकों को दिलाने की कार्ययोजना पर भी काम कर रहे हैं। वुमन विंग प्रेसिडेंट नीलम मित्तल ने सूडान में निवेश और व्यापार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूडान के मिनरल, माइनिंग, एग्रीकल्चर, इन्फ्रा, मेडिकल, टूरिज्म और फूड सेक्टर में व्यापार की काफी संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में एसोचैम राजस्थान के चेयरमैन हिमांशु गोयल ने भारत और यूके के साथ हुए एफटीए पर विशेष प्रस्तुति दी। गोयल ने कहा कि यूके ने एफटीए के बाद भारतीय निर्यात पर इम्पोर्ट ड्यूटी 15 प्रतिशत से घटाकर 3 प्रतिशत तक कर दी है। इससे यूके और भारत के बीच सालाना 2.19 लाख करोड़ का व्यापार होने की संभावना है। मनीष मित्तल ने फोर्टी मार्ट की जानकारी दी। इस वेबसाइट पर फोर्टी के सभी सदस्यों के व्यापार की जानकारी मुहैया कराई गई है। सूडान के प्रतिनिधियों ने राजस्थान के उद्यमियों को सूडान में व्यापार के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सूडान की सरकार और प्रशासन राजस्थानी उद्योगपतियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर फोर्टी कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.अरुण अग्रवाल, चंद्रप्रकाश गोयल, रमेश चंद खंडेलवाल, विनोद गुप्ता, मुख्य सचिव सुरेश सैनी, अनुराग खेतान, कोषाध्यक्ष नरेश गोयल पदाधिकारी, सूडानी दल के संयोजक सुमित गुप्ता, वुमन विंग की वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ.अदिती खंडेलवाल के साथ जयपुर के सभी प्रमुख उद्योगपति और व्यापारी शामिल हुए।
3/related/default