रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): जालौर-सिरोही माहेश्वरी जिला सभा के 31वें सत्र के चुनाव आज जसवंतपुरा में आयोजित होंगे। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी दिलीप बट्ठर ने बताया कि जिला सभा के कुल 103 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान निर्धारित समयानुसार संपन्न होगा। चुनाव भवन में केवल अधिकृत सदस्यों एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से अपील की है कि चुनाव अधिकारी द्वारा पूर्व में मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं समय पर पूर्ण कर तैयार रखें, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। दस्तावेजों की जांच के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए राजकुमार सोभाणी को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनकी देखरेख में संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी तथा वे यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न हों। जिला सभा के इस महत्वपूर्ण चुनाव को लेकर सदस्यों में उत्साह का माहौल है। चुनाव परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इन्हीं के आधार पर जिला सभा के आगामी कार्यकाल की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।
जालौर-सिरोही माहेश्वरी जिला सभा के 31वें सत्र का चुनाव आज, 103 मतदाता करेंगे मतदान
By -
July 25, 2026
0
Tags: