खैरथल (अमित शर्मा): देशभर में संचालित गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने, संपूर्ण देश में गोवध पर प्रभावी रोक लगाने तथा गो संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से अभियान अपने दूसरे चरण में प्रवेश कर चुका है। इसी क्रम प्रैस वार्ता कर कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की। सोमवार, 27 जुलाई को देश के लगभग 790 जिलों में एक साथ जिला मुख्यालयों पर प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान के जिला प्रभारी देशपाल यादव ने बताया कि जिले में कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यकर्ताओं, गौभक्तों, संत-महात्माओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 27 जुलाई का दिन गो संरक्षण आंदोलन के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा, जब पूरे देश में एक साथ गौ माता के सम्मान में जनभावनाओं की बुलंद आवाज उठेगी। उन्होंने बताया कि खैरथल-तिजारा जिले की सातों तहसीलों में अभियान को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला है। जिलेभर से लगभग चार लाख से अधिक नागरिकों ने समर्थन पत्रों पर हस्ताक्षर कर इस जन आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। यह जनसमर्थन अभियान की व्यापक स्वीकार्यता और गौ संरक्षण के प्रति समाज की आस्था का प्रमाण है।
कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को प्रातः 9:30 बजे अग्रसेन चौक, खैरथल में संत-महात्मा, गौभक्त एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एकत्रित होंगे। यहां से रामधुनी के साथ विशाल जनसमूह अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। इस दौरान गौ माता एवं नंदी महाराज की अगुवाई में जिलेभर से प्राप्त हस्ताक्षरित समर्थन पत्रों सहित प्रार्थना पत्र जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किए जाएंगे। देशपाल यादव ने जिले के सभी गौभक्तों, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों सहित आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस ऐतिहासिक जनआंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और भारतीय जीवन मूल्यों से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है। संगठित जनशक्ति के माध्यम से ही जनभावनाओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से गांव-गांव और शहरों में जनसंपर्क कर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। जन सहभागिता और व्यापक समर्थन को देखते हुए सोमवार का यह आयोजन जिले के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर राव पवन एडवोकेट, प्रथम डाटा, अतुल यादव, पुलकित यादव, शुभम शर्मा, मनिष यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।