मुंबई/सिंगापुर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): मुंबई स्थित डॉन-बॉस्को इंटरनेशनल हाई स्कूल के 7वीं कक्षा के छात्र ऋषिकेश अभिनंदन तुलसियान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। सिंगापुर में आयोजित प्रतिष्ठित सिंगापुर इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड चैलेंज (SIMOC) 2026 में ऋषिकेश ने 3 सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह प्रतियोगिता केवल आमंत्रण-आधारित थी, जिसमें दुनिया के 40 देशों और क्षेत्रों के 2,285 टॉप प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने हिस्सा लिया था। छात्रों को तीन कठिन चरणों में परखा गया — एक व्यक्तिगत लिखित मैथ ओलंपियाड और दो टीम-आधारित इवेंट्स 'मैथ्स वॉरियर्स' और मैथ मास्टर माइंड'। ऋषिकेश ने तीनों ही इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किए।
*छोटी बहन ने भी किया कमाल*
तीसरी कक्षा की वेदांशिका तुलसियान ने 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीते। प्रतिभा इस परिवार में कूट-कूट कर भरी है। ऋषिकेश की छोटी बहन, डॉन-बॉस्को इंटरनेशनल हाई स्कूल की तीसरी कक्षा की छात्रा वेदांशिका अभिनंदन तुलसियान ने भी SIMOC 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। वेदांशिका ने व्यक्तिगत लिखित मैथ ओलंपियाड में सिल्वर और टीम इवेंट 'मैथ्स वॉरियर्स' में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इतनी छोटी उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो मेडल जीतना उनकी असाधारण गणितीय प्रतिभा को दर्शाता है। दोनों भाई-बहन की इस दोहरी सफलता पर स्कूल प्रबंधन और परिवार में हर्ष का माहौल है।