हरियालो राजस्थान अभियान के तहत राउमावि सेवाडिया में 200 पौधों का हुआ वृक्षारोपण

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेवाडिया में शनिवार को व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को निर्धारित 200 पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शारीरिक शिक्षक आसुराम सेन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर तथा आसपास के उपयुक्त स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर के निर्देशन में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में पौधों का वितरण कर प्रत्येक छात्र-छात्रा को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर उनके नियमित संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प भी लिया। प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता तथा संतुलित पर्यावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों को जीवित रखने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी विद्यालय के अध्यापक रमेशचंद्र पुरोहित एवं हरजीराम मेघवाल को सौंपी गई है। दोनों शिक्षक समय-समय पर पौधों की निगरानी कर उनकी सिंचाई एवं देखभाल सुनिश्चित करेंगे, ताकि लगाए गए सभी पौधे विकसित होकर हरित वातावरण का निर्माण कर सकें। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अध्यापक दरगाराम चौधरी, वचनाराम, प्रागाराम पुरोहित, सीमा मीना, रेखा मीना सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!