मनोहरपुर: जयपुर ग्रामीण पुलिस ने भाजपा एससी मोर्चा नेता रामावतार असवाल (पप्पू खटीक) हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। पुलिस के अनुसार आरोपी सोहेल खान बेल्डिंग का काम करता है और अक्सर असवाल की कबाड़ी की दुकान पर स्क्रैप बेचने आता-जाता था। 01 जून की शाम को दुकान पर पड़े एक पुराने प्लास्टिक कूलर को अपने कबूतरों के लिए पिंजरा बनाने हेतु ले जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान रामावतार से मिलने एक व्यक्ति दुकान पर आ गया, पुलिस के मुताबिक सोहेल करीब 15-20 मिनट तक बाहर इंतजार करता रहा। जैसे ही वह व्यक्ति वहां से गया और रामावतार अपने काम में व्यस्त हुए, आरोपी ने पीछे से लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से रामावतार असवाल का गला और हाथ काट दिए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाजपा नेता रामावतार असवाल हत्याकांड का हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
By -
June 05, 2026
0
Tags: