झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले में आगामी 15 से 30 जून तक चलने वाले स्टॉप डायरिया कैंपेन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिला कलक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने "हैंड वॉश कब और कैसे करें" विषय पर आधारित जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम में हाथों की स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय-समय पर साबुन से सही तरीके से हाथ धोने की आदत अपनाकर अनेक संक्रामक रोगों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉप डायरिया कैंपेन के दौरान आमजन, विशेषकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों को स्वच्छता एवं हाथ धोने के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। बैठक में अभियान की तैयारियों एवं विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान सीईओ जिला परिषद परशुराम धानका, सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, आरसीएचओ डॉ.दयानंद सिंह, पीएमओ डॉ.जितेंद्र भांभू, एसडीओ कौशल्या विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। स्टॉप डायरिया कैंपेन के तहत जिले में 5 वर्ष तक के 1 लाख 66 हजार बच्चों को ओआरएस एवं जिंक दिया जायेगा। कैंपेन में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा हाथ धोने की सही विधि के संबंध में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला कलक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने इस अवसर पर 28 जून को आयोजित होने वाले पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
3/related/default