प्रभारी मंत्री गहलोत ने ली समीक्षा बैठक: शहरी सेवा शिविरों के लिए दिए दिशा निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जिले में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए टैंकर संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए स्थापित कंट्रोल रूम के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन किसी भी समस्या की स्थिति में आसानी से शिकायत दर्ज करवा सकें। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा जीएसएस मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में जिले में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत किए गए कार्यों एवं पौधारोपण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने 12 जून से प्रारंभ होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए। बैठक में उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, लखपति दीदी योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, बनवारी लाल सैनी, विशंभर पूनिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!