मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में लगी भीषण आग

AYUSH ANTIMA
By -
0



बीकानेर: जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में एक दुकान में भीषण आग लग गई। ग्रामीणों की तत्परता के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। जानकारी के अनुसार सत्तासर मुख्य बस स्टैंड पर सोमवार रात्रि एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में आग लग गई। दुकान संचालक यूनुस खान शाम को दुकान बंद कर घर चला गया था। बाद में रात्रि करीब 11 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। इस हादसे में दुकान में खड़ी पुरानी मोटर साइकिलें और मोटर पार्टस जलकर खाक हो गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। दुकान के आसपास अन्य प्रतिष्ठान होने तथा पास ही एक मिठाई की दुकान में गैस सिलेंडर और डीजल भट्टी रखी होने से बड़ा हादसा भी हो सकता था लेकिन ग्रामीणों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा नुकसान टल गया। ग्रामीणों ने स्थानीय ट्रैक्टर-टैंकरों के माध्यम से पानी डालकर आग पर काफी हद तक काबू पाया। सूचना मिलने पर बायोमास प्लांट छत्तरगढ़ से फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई। शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की जानकारी सामने आ रही है। सत्तासर सरपंच बरकत अली ने बताया कि आग की घटना में दुकान में खड़ी दो से तीन मोटरसाइकिलों के जलने की सूचना मिली है। हालांकि नुकसान का सही आंकलन फिलहाल नहीं हो सका है। घटना की सूचना पर छत्तरगढ़ थाना से एएसआई रामचरण मीणा व कांस्टेबल पारस मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं समाजसेवी भगवान राम प्रजापत, मुकेश कुक्कड़ तथा भैराराम सियाग सहित कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!