जयपुर: राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ की ओर से मंगलवार, 16 जून को जयपुर कलेक्ट्रेट परिसर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक एक आम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह शेखावत ने की। सभा का मुख्य उद्देश्य संगठन के नए अध्यक्ष का चयन करना रहा। इस सभा में उपस्थित कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श करने के बाद सर्वसम्मति से राजेश जाट के नाम का प्रस्ताव रखा। जयपुर जिला अध्यक्ष मोहन लाल मीणा ने बताया कि सभी की सहमति मिलने पर राजेश जाट को संगठन का निर्विरोध अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके चयन की घोषणा होते ही उपस्थित कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला मंत्री राजेंद्र कुमार शर्मा, श्रवण सिंह राजावत, मदन स्वामी, सुभाष, कालूराम, अशोक, बाबूलाल सैनी, महेश चौधरी, अशोक कुमार शर्मा, कन्हैया लाल, मोहसिन खान, कमलेश देवी, शांति देवी, अंजना कंवर, दीप कंवर, अखिलेश कुमारी, सदा कंवर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर राजेश जाट को अध्यक्ष पद के लिए समर्थन दिया। अध्यक्ष पद पर मनोनयन होने के बाद सभी सदस्यों ने राजेश जाट का माल्यार्पण कर स्वागत किया और मिठाई वितरित कर खुशी का इजहार किया। साथ ही सभी कर्मचारियों ने यह विश्वास व्यक्त किया कि राजेश जाट के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। सभा के दौरान संगठन की एकता, कर्मचारियों के हितों की रक्षा और विभिन्न मांगों को लेकर भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। सभी उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संगठन और देशहित के नारों के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी कर्मचारियों ने नवमनोनीत अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
3/related/default