सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): गांव शेखपुरा में आयोजित हुई रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ की टीम चैंपियन रही है। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में सूरौठ की टीम ने शेखपुरा की टीम को 15 रन से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड एवं पुरस्कार सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ टीम के कोच राजेश मीणा एवं खिलाड़ी विवेक मीणा ने बताया कि फाइनल मैच में सूरौठ की टीम ने पहले बल्लेबाजी की तथा स्टार बल्लेबाज दिनेश मीणा की ओर से खेली गई 37 रनों की पारी की बदौलत निर्धारित 10 ओवर में 72 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में शेखपुरा की टीम 57 रन ही बना सकी। इस तरह सूरौठ की टीम ने फाइनल मुकाबला 15 रन से जीत लिया। रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ के कप्तान आशीष मीणा को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एवं मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार दिया गया। आशीष मीणा ने फाइनल मैच में ऑल राउंडर प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए तथा 11 रन की पारी खेली। समापन कार्यक्रम में आयोजन कमेटी एवं अतिथियों ने विजेता टीम के कप्तान आशीष मीणा को 51000 रुपए की नगद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। इसी तरह उपविजेता टीम के कप्तान को 31000 रूपए की इनाम राशि एवं शील्ड भेंट कर पुरस्कृत किया गया।
रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ की टीम बनी चैंपियन, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
By -
June 17, 2026
0
Tags: