झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मंगलवार को पीएचईडी प्रोजेक्ट एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मलसीसर डैम पर जलाशय पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश दिया। पीएचईडी प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता दलीप तारग ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विधिवत जलाशय पूजन किया गया तथा जल के महत्व एवं उसके संरक्षण की आवश्यकता पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण एवं जल संसाधनों के संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है तथा वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना होगा।
पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग पानी के सदुपयोग और बचत के प्रति सजग रहें तो भविष्य में जल संकट की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। उन्होंने जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक राकेश शर्मा एवं जिला समन्वयक विशंभर पूनिया ने भी अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, भूजल वैज्ञानिक अतुल धवन , मंडावा बीडीओ अमित चौधरी, अलसीसर बीडीओ ममता चौधरी, मलसीसर तहसीलदार इमरान खान, बिसाऊ तहसीलदार शेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण के संकल्प के साथ आमजन से जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलवाई गई एवं पौधारोपण किया गया।