बीकानेर: नकली बीज विवाद से जुड़ा राजस्थान का सबसे हाई-प्रोफाइल कथित रिश्वतखोरी और जबरन वसूली का मामला नए सुराग दे रहा है, जिसमें भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) करोड़ों रुपये के लेन-देन में लोक सेवकों की भूमिका की जांच तेज कर रहा है। एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि जांच के दायरे में आए वित्तीय लेन-देन का पैमाना यह बताता है कि सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत के बिना ऐसे लेन-देन नहीं हो सकते थे, जिसके चलते जांचकर्ताओं ने जांच का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है।एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने कहा कि करोड़ों रुपये के लेन-देन सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं लगते। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता इस कथित नेटवर्क से जुड़े सभी संभावित कडिय़ों और व्यक्तियों की जांच कर रहे हैं। चर्चित नकली बीज और कथित घूसकांड मामले में एसीबी की जांच के साथ नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच के दौरान बीकानेर में कार्रवाई करते हुए एजेंसी को करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। एसीबी के अनुसार एक स्थान से नोटों से भरे कट्टे मिले, जिनमें लाखों रुपये नकद, बैंक दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड बरामद किए गए। वहीं एक अन्य स्थान पर टॉयलेट में रखे कट्टे से भी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का दावा किया गया है। एफआईआर में कथित घूस, वित्तीय लेनदेन और सैंपल जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने से जुड़े आरोपों का भी उल्लेख है। मामले में राजस्थान राज्य बीज निगम के पूर्व निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई सहित पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एसीबी बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड और वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
छत से फेंके नोटों के कट्टे
जांच के दौरान कथित तौर पर घर के भीतर मौजूद लोगों ने नकदी को छिपाने की कोशिश की। जांच एजेंसी के अनुसार नोटों से भरे दो प्लास्टिक के कट्टे घर की छत से पीछे खाली प्लॉट में फेंक दिए गए। जब टीम ने उन कट्टों को बरामद किया तो उनमें बैंक पासबुक, चेकबुक और 45 लाख 56 हजार 610 रुपये नकद मिले। इसके बाद हुई तलाशी में एक और बड़ा खुलासा हुआ।
*टॉयलेट में मिला 1 करोड़ से ज्यादा कैश*
जांच के दौरान पड़ोस के एक मकान में रहने वाले व्यक्ति ने एसीबी टीम को जानकारी दी कि उनके लेटबाथ में एक लावारिस प्लास्टिक का कट्टा रखा हुआ है। जब टीम ने उस कट्टे को खोला तो उसमें 500-500 रुपये के नोटों में 1 करोड़ 1 लाख 48 हजार 200 रुपये मिले, इसके अलावा अन्य स्थानों से भी नकदी बरामद हुई। एसीबी के अनुसार जुगल किशोर से जुड़े ठिकानों से कुल 1 करोड़ 60 लाख 17 हजार 810 रुपये नकद मिले, जबकि कार्रवाई के दौरान कुल बरामद नकदी 2 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक बताई गई।