जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर बरसात की हर बूंद सहेजें: नवीन जैन

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने गुरुवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद उपखंड अधिकारी कार्यालय, उदयपुरवाटी में अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल संरक्षण गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप मानसून के दौरान बरसात की हर बूंद को अधिकतम सहेजने के प्रयास किए जाएं, ताकि जिले में सिंचाई एवं पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग, जिला परिषद सीईओ पुरुषोत्तम धानका, एसीईओ रामनिवास चौधरी, वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार गौड़, उपखंड अधिकारी सुमन सोनल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नवीन जैन ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर आमजन के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।
प्रभारी सचिव ने वाटरशेड विभाग द्वारा करवाए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा जिले में टांका निर्माण सहित जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जल संरचनाओं के संरक्षण और पुनर्भरण के कार्यों को और गति दी जाए, ताकि आने वाले समय में जल संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों के साथ इस बात पर भी विस्तार से मंथन किया कि आमजन, युवाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को अभियान से अधिकाधिक कैसे जोड़ा जाए। इस दौरान उन्होंने अभियान को प्रभावी बनाने तथा जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!