रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रानीवाड़ा खुर्द में जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राखी राठौड़, जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल तथा जिला संयोजक एवं महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अमरावती शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला सह-संयोजक विमला विश्नोई ने मुख्य अतिथि के रूप में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ईंधन संरक्षण, ऊर्जा बचत और खाद्य तेल के सीमित उपयोग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम तेल और कम मसालों का उपयोग करते हुए पारंपरिक भारतीय खाद्य सामग्रियों से पौष्टिक भोजन तैयार करने की आदत अपनानी चाहिए। साथ ही खेती में रासायनिक पदार्थों का उपयोग विशेषज्ञों की सलाह से करने तथा देशी बीजों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
ग्राम पंचायत प्रशासक एवं महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष शोभना सुथार ने कहा कि जंक फूड का बढ़ता उपयोग बच्चों और बड़ों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने दैनिक आहार में श्री अन्न (मोटा अनाज), फल, सलाद, अंकुरित अनाज और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा स्वस्थ एवं स्वदेशी जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरालाल सारस्वत और मुकेश कुमार खंडेलवाल ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली तथा पोषण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।