युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर घायल

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: जिले बज्जू थाना इलाके में युवक पर जानलेवा हमला किया गया है, जिससे युवक गंभीर घायल हो गया है। जानकारी मिली है कि फूलासर बड़ा गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक पर कथित जानलेवा हमला, लूटपाट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में बज्जू पुलिस ने चार नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थानाधिकारी जगदीश पांडर के अनुसार, फूलासर बड़ा निवासी परमा देवी पत्नी मोहनराम ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग बिना नंबर की सफेद कैंपर गाड़ी में उनके घर पहुंचे और उनके पुत्र मांगीलाल के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि आरोपियों ने मांगीलाल को जान से मारने की धमकी दी और फिर वहां से चले गए। परमा देवी ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद सोमराज पुत्र भंवरुराम, भागीरथ पुत्र गोरधन राम, लाछी पत्नी भंवरुराम, रोशनी पत्नी सोमराज और तीन-चार अन्य लोग हथियारों व लाठियों से लैस होकर उनके खेत में पहुंचे। उस समय मांगीलाल ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। आरोप है कि इन लोगों ने ट्रैक्टर रुकवाकर मांगीलाल पर हमला कर दिया। हमले में मांगीलाल के सिर, हाथों और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। रिपोर्ट के अनुसार, सिर पर वार से रक्तस्राव हुआ और उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि हमलावरों ने मांगीलाल की जेब से 11 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन छीन ली। उन्होंने लाठियों से ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान परमा देवी और सहीराम पुत्र प्रहलाद मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल मांगीलाल को हमलावरों से छुड़वाया। गंभीर रूप से घायल मांगीलाल को पहले बज्जू अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!