कोटपूतली-बहरोड (राहुल शर्मा): जिले में अपराधियों द्वारा सरकारी जमीनों पर किए जा रहे अवैध कब्जों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह IPS ने एक विशेष पहल शुरू की है। जिला पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी तस्कर, हार्डकोर अपराधी या हिस्ट्रीशीटर ने सरकारी भूमि, वन भूमि, चरागाह भूमि या अन्य किसी स्थान पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
*व्हाट्सएप पर भेजें सूचना*
राजस्थान पुलिस, कोटपूतली-बहरोड़ द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि नागरिक व्हाट्सएप नंबर +91 9530427856 पर अतिक्रमण से संबंधित पूरी जानकारी फोटो/वीडियो सहित भेज सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
*दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई*
एसपी सतवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलते ही ऐसे सभी अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अपराधियों द्वारा कब्जाई गई सरकारी संपत्ति को मुक्त कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
*जनसहयोग से हटेगा अतिक्रमण*
पुलिस का मानना है कि कई बार अपराधी रसूख और डर के कारण सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लेते हैं। आमजन की मदद से ऐसे मामलों का तेजी से खुलासा होगा और जिले को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सकेगा। पुलिस ने लोगों से निडर होकर सहयोग की अपील की है। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि "सेवा, सुरक्षा और विश्वास" के ध्येय के साथ पुलिस अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।